संदेश न्यूज़ 24। यूपी की योगी सरकार ने पूर्वी उत्तर प्रदेश को इंटर डिस्ट्रिक्ट कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात देने जा रही है।
यह सौगात है गोरखपुर-अंबेडकरनगर जिले के मध्य स्थित घाघरा नदी पर कम्हरिया घाट सेतु (पुल) के रूप में। गुरुवार दोपहर बाद करीब डेढ़ किलोमीटर की लंबाई में बने इस पुल का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
कम्हरिया घाट के एक तरफ गोरखपुर और दूसरी तरफ अंबेडकरनगर जनपद स्थित है। इस घाट पर पुल क्षेत्र के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग रही है। कारण, पुल के अभाव में इन दोनों जिलों के बीच की दूरी 60 किलोमीटर बढ़ जाती थी। कम्हरिया घाट पर लंबे पुल का निर्माण होने से करीब 500 गांवों की 20 लाख आबादी को फायदा पहुंचा है।
193.97 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है पुल का निर्माण
घाघरा नदी के कम्हरिया घाट (सिकरीगंज-बेलघाट-लोहरैया-शंकरपुर-बाघाड़) पर पुल का निर्माण 193 करोड़, 97 लाख, 20 हजार रुपये की लागत से हुआ है। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड ने 1412.31 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण जून 2022 में पूर्ण करा दिया है।




