संदेश न्यूज़ 24
गोरखपुर पिपराइच थाना क्षेत्र के अंतर्गत आज पिपराइच के बेलाकांटा गोपालपुर गांव में शनिवार को दोपहर कार सवार बदमाशों ने घर में घुसकर एक दंपति को गोली मार दी। गोली दोनों के पेट में लगी है। उन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है, जहां हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
दूसरी तरफ घटना के बाद भागते समय एक बदमाश को पकड़कर ग्रामीणों ने उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी और पुलिस को सौंप दिया है। वहीं कार से भागते समय उसके दो साथियों ने गांव में रिश्तेदारी में आए एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। गांव पहुंची पुलिस ने फरार दोनों बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पिपराइच क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी रामप्रीत यादव के चार बेटों में सबसे छोटे बेटे प्रदीप यादव गांव के बाहर खेत में मकान बनवाकर रहते हैं। आरोप है कि शनिवार को दोपहर बाद उनके घर पर कार से तीन लोग आए। घर के अंदर बरामदे में कहासुनी के बाद बदमाशों ने प्रदीप यादव को गोली मार दी। पति को बचाने आई उनकी पत्नी रीतू यादव पर भी फायर झोंक दिया। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण जब उस ओर दौड़े तो फायरिंग करते हुए तीनों बदमाशों ने भागने लगे। दो बदमाश कार में सवार हो गए। तीसरा अभी बैठने ही जा रहा था कि ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। यह देख दोनों बदमाश कार से भागने लगे। इधर, पकड़े गए बदमाश को ग्रामीणों ने पीट दिया। वहीं भाग रहे कार सवार बदमाश गांव में रिश्तेदारी में आए राजेन्द्र नामक व्यक्ति को कुचलते हुए फरार हो गए। राजेन्द्र सड़क के किनारे चारपाई पर बैठे थे। दुर्घटना में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार पैसे के लेन देन का मामला बताया जा रहा है।




