संदेश न्यूज़ 24। गोरखपुर चौरीचौरा में एक मामला प्रकरण में आया है दरोगा ने युवती से शादी का झांसा देकर पांच साल तक शारीरिक शोषण करने के मामले में चौरीचौरा पुलिस ने शनिवार को दरोगा विनय कुमार के खिलाफ रेप सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।दरोगा विनय कुमार वर्तमान में सस्पेंड है। मामला सामने आने के बाद तत्कालीन एसएसपी ने उसे सस्पेंड किया था। तब उसकी तैनाती चौरीचौरा थाने पर ही थी। हालांकि, केस दर्ज कराने के लिए युवती थाने के चक्कर काट रही थी। पुलिसवाले दरोगा को बचाने का प्रयास कर रहे थे पर एसएसपी के आदेश पर चौरीचौरा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुशीनगर के कप्तानगंज थानाक्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने दरोगा विनय कुमार के खिलाफ आरोप लगाया है कि कप्तानगंज थाना में तैनाती के दौरान दरोगा से उसका परिचय हुआ। अपने को अविवाहित बताते हुए दरोगा ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया और पिछले पांच सालों तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। युवती का आरोप है कि इस दौरान दरोगा से उसने जब भी शादी का दबाव बनाया तो वह टाल-मटोल करता रहा। उसकी तसल्ली के लिए उसने कप्तानगंज के एक मन्दिर में शादी भी की और बाद में सामाजिक रूप से शादी करने का वादा किया। बाद में युवती को पता चला कि दरोगा पहले से विवाहित है और उसके दो बच्चे भी हैं। इस बात को लेकर दोनो में विवाद होने लगा। युवती का आरोप है कि पांच साल के दौरान वह दो बार गर्भवती भी हुई। दरोगा ने दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। दरोगा जहां भी तैनात रहा वहां पर वह उसे बतौर पत्नी रखा और लोगों से उसे अपनी पत्नी बताता रहा।
जान देने की कोशिश की तो सामने आया प्रकरण
चौरीचौरा थाने में तैनाती के दौरान दरोगा और युवती के बीच विवाद हुआ तो युवती ने जहर खाकर और ट्रेन से कटकर जान देने का प्रयास भी किया। स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया था। उसी समय यह मामला अधिकारियों के सामने भी आया। विवाद जब सुर्खियों में आया तो तत्कालीन एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने दरोगा विनय कुमार को सस्पेंड कर दिया। दरोगा तो सस्पेंड हो गया लेकिन युवती की तहरीर पर मुकदमा नहीं दर्ज हुआ।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
दरोगा विनय कुमार के खिलाफ एसएसपी के आदेश पर चौरीचौरा पुलिस ने धारा 376, 494, 313 व 323 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होने के साथ ही दरोगा पर गिरफ्तारी की तलवार लटकने लगी है।




