संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर, पांच लाख रुपये में लोगों को रेलवे की ग्रुप डी परीक्षा उत्तीर्ण कराने वाला गिरोह स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के हत्थे चढ़ गया। गिरोह के चार सदस्यों को एसटीएफ ने गीडा थाना क्षेत्र के नौसढ़ स्थित एक परीक्षा केंद्र से गिरफ्तार किया है। इसमें गिरोह का मुख्य सरगना, जो दूसरे के स्थान पर परीक्षा देता था सहित उसके दो साथी व मूल अभ्यर्थी शामिल हैं।
एसटीएफ को काफी दिनों से गिरोह के विषय में सूचना मिल रही थी कि वह लोगों से रुपये लेकर उन्हें रेलवे की परीक्षा उत्तीर्ण करा रहा है। इसके चलते दर्जनों लोग फर्जी तरीके से नौकरी कर रहे हैं। इस बीच नौसढ़ स्थित स्वास्थिक आनलाइन सेंटर पर एसटीएफ टीम को सूचना मिली कि वहां गिरोह के सदस्य मौजूद हैं और मूल परीक्षार्थी के स्थान पर दूसरा व्यक्ति परीक्षा दे रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ गोरखपुर इकाई के इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश सिंह ने हमराहियों के साथ परीक्षा केंद्र पर दबिश दिया। उनके साथ गोरखपुर के अलावा प्रयागराज इकाई के भी लोग मौजूद रहे।
दबिश के दौरान पता चला कि परीक्षा केंद्र पर बिहार के पटना जिले के थाना खगौली गाड़ीखाने रंजीत परीक्षार्थी व गोरखपुर जिले के खोराबार थाना क्षेत्र के बहरामपुर निवासी मिथलेश कुमार के स्थान पर परीक्षा दे रहा है। एसटीएफ ने रंजीत व मिथलेश से पूछताछ की तो पता चला कि उसके दो साथी देवरिया जिले के बनकटा थाने के अहिरौली बघेल निवासी अखिलेश्वर सिंह व रायबरेली के मलिक मऊ चौबारा हीहुरा निवासी रामनरेश भी परीक्षा केंद्र के पास मौजूद है। टीम ने उन्हें भी दबोच लिया। आरोपितों के विरुद्ध गीडा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
दो लाख रुपये सदस्यों को देता था कमीशन
एसटीएफ निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि रंजीत ने लखनऊ के रेलवे कालोनी में अपना अस्थायी ठिकाना बना रखा है। वह वहां पर रेलवे में वाणिज्य कर्मी था। वह दूसरों के स्थान पर परीक्षा देता है। वह लखनऊ, चंढ़ीगढ़, प्रयागराज, उत्तराखंड में भी कई अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे चुका है। उसे अभी तक यह ठीक से याद नहीं है कि उसने कितने लोगों के स्थान पर परीक्षा दी है। परीक्षा के लिए कंडीडेट लाने पर वह गिरोह के मुख्य सदस्य अखिलेश्वर सिंह को दो लाख रुपये कमीशन देता था। अखिलेश्वर शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार में अस्थायी रूप से रहता था। रामनरेश के जिम्मे भी कंडीडेट ढूढने का काम करता था
रुपये लेकर रेलवे की परीक्षा पास कराने वाले गिरोह के मुख्य सरगना समेत चार सदस्यों को एसटीएफ ने गोरखपुर में गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य लखनऊ चंढ़ीगढ़ प्रयागराज उत्तराखंड में कई अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे चुके हैं।
रंजीत के बैग से मिला मेकअप का सामान
एसटीएफ को रंजीत के बैग से मेकअप का सामान मिला है। इसके जरिये वह परीक्षार्थी मिलते-जुलते चेहरे को लेकर मेकअप कर लेता था। उसके बैग से फेवीकोल भी मिला है। इसका प्रयोग वह अभ्यर्थी के अंगूठा छाप के लिए करता था।
एसटीएफ टीम में गोरखपुर इकाई के निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह के अलावा मुख्य आरक्षी अखिलेश श्रीवास्तव, आरक्षी महेंन्द्र प्रताप सिंह, प्रयागराज इकाई के आरक्षी रोहित सिंह शामिल रहे।




