संदेश न्यूज़ 24 बेलीपार थाने के भौवापार गांव निवासी एक युवक की दिल्ली के उत्तम नगर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मौत की सूचना पर घरवाले दिल्ली के लिए रवाना हो गए।जहां गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घरवालों को मिला। दाह संस्कार शुक्रवार को घर आने के बाद होगा।
बेलीपार थाने के भौवापार निवासी शम्भू कन्नौजिया का बड़ा बेटा बबलू (22) दिल्ली के उत्तम नगर में रहकर एसी मैकेनिक का कार्य करता था। बुधवार की दोपहर में अपने एक साथी के साथ लंच करने के बाद वापस काम पर जा रहा था। उत्तम नगर के ककरौली मोड़ पर तेज गति से आ रहे एक ट्रक के पीछे लगे हुक में बबलू का शर्ट फंस गया। जिससे बबलू ट्रक के साथ घिसटने लगा फिर ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गया। उसकी तत्काल मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उसके घर कोहराम मच गया। दो भाइयों में बड़ा बबलू बहुत ही हंसमुख, मिलनसर और होनहार था। चार माह पहले दिल्ली गया था। उसकी मौत पर किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा है। बबलू के दोस्त की सूचना पर घरवाले तुरन्त दिल्ली के लिए रवाना हो गए।




