संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर. आप करियर बनाने की जल्दीबाजी में शॉर्टकट अपना रहे हैं तो सावधान हो जाएं. कहीं ऐसा न हो कि इस शॉर्टकट के फेर में आपको बड़ा धोखा खाने के साथ ही हवालात की हवा खानी पड़े.
यूपी के गोरखपुर पुलिस (Gorakhpur Police) ने एक ऐसे ही जालसाज को गिरफ्तार किया है. जो लोगों को विश्वास में लेकर डिप्लोमा इन फार्मेसी का फर्जी सर्टिफिकेट दो लाख रुपए में बेचता रहा था लेकिन अब वह अपनी कारगुजारियों पहुंच गया है सलाखों के पीछे.
यूपी के गोरखपुर की शाहपुर पुलिस ने डिप्लोमा इन फार्मेसी का फर्जी सर्टिफिकेट बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान यूपी के बस्ती जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत भदेश्वर नाथ के रहने वाले आशीष पुरी के रूप में हुई है. आशीष गोरखपुर के शताब्दीपुरम पादरी बाजार कॉलोनी में रहता रहा है. उसके खिलाफ शाहपुर थाने में आईपीसी की धारा 406 420 467 468 471 और 506 के तहत केस दर्ज रहा है.
गोरखपुर के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने पुलिस लाइन के वाइट हाउस सभागार में घटना का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के रहने वाले संदीप श्रीवास्तव के साथ आरोपी द्वारा धोखे से 2 लाख रुपए लेकर डी फार्मा की वर्ष 2018-19 की फर्जी कूट रचित डिग्री को असली बताकर दे दिया गया. उन्होंने बताया कि जब पीड़ित ने आरोपी से ₹100 वापस लेने के लिए कहा तो उसे जान से मारने की धमकी दी जाने लगी.
संदीप श्रीवास्तव की तहरीर पर शाहपुर थाने में आरोपी आशीष पुरी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया. एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने लोगों से अपील की है कि वह ऐसे जालसाजों के चक्कर में पड़कर अपना भविष्य और रुपए दोनों ही न बर्बाद करें. इससे उनका भविष्य बर्बाद होने के साथ ही रुपए का नुकसान भी हो सकता है.




