संदेश न्यूज़,24 गोरखपुर जिले के गोला विकास खंड में शौचालय और आवास के रुपये गबन करने के आरोपी ग्राम विकास अधिकारी अजीत कुमार को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया । अजीत कुमार मूल रूप से सिकरीगंज के घुचियापार का मूल निवासी है। जानकारी के मुताबिक, गोला विकास खंड के डड़िया व बारानगर में तैनात ग्राम विकास अधिकारी अजीत के खिलाफ वर्ष 2020 में ग्राम सभा बारानगर में 200 शौचालयों का बिना निर्माण कार्य पूरा कराए रुपये निकालने का मामला सामने आया था।
आरोप है कि 2022 में ग्राम सभा डड़िया में 16 अपात्रों को आवास देने के मामले में भी वह आरोपी पाए गए। जांच में पुष्टि के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। इसके साथ ही बारानगर के पूर्व प्रधान राजेश व पूर्व प्रधान हेमवंती देवी भी आरोपी बनाई गई थीं।
दोनों आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है। ग्राम विकास अधिकारी अजीत फरार चल रहे थे, जिन्हें रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।




