संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर में मानीराम क्रॉसिंग के पास बृहस्पतिवार की रात प्रापर्टी डीलर की सोने की चेन छीनने के दौरान विरोध करने पर गोली मारने के मामले में पुलिस ने शनिवार को तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।बदमाशों की संख्या चार से ज्यादा होने पर पुलिस ने मामले में डकैती की धारा भी बढ़ा दी है। जबकि, पहले पुलिस ने हत्या का प्रयास और छिनैती की धारा में केस दर्ज किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस ने तमंचा बरामद किया है। इसके बाद इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट का भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल आरोपी दो सगे भाई भी हैं।
एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि बृहस्पतिवार को बदमाशों ने पिंटू सिंह को गोली मार दी थी। साथ ही चेन और रुपये लूट लिए थे। मामले में पिंटू सिंह की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी के तहत मुखबिर की सूचना पर आरोपी गौरव यादव उर्फ गोलू निवासी रामपुर चक थाना चिलुआताल, जितेन्द्र मौर्या निवासी सिक्टौर थाना चिलुआताल, नागेन्द्र मौर्या निवासी सिक्टौर थाना चिलुआताल को गिरफ्तार किया गया है।
इनके पास से लूटे गए 3,200 रुपये और घटना में इस्तेमाल 0.32 बोर की दो पिस्टल, दो कारतूस और दो खोखा तथा 0.315 बोर का एक तमंचा, एक कारतूस और बरामद किया गया है। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया ,जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पिंटू सिंह ने चार नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद मामले में डकैती की धारा भी बढ़ा दी गई है।
दो सगे भाइयों पर दर्ज है आठ मुकदमे
एसपी नार्थ ने बताया कि तीनों का आपराधिक इतिहास है। गौरव यादव के ऊपर चिलुआताल और गुलरिहा में आठ केस दर्ज हैं। जबकि, जितेन्द्र मौर्या के खिलाफ चार केस और नागेन्द्र मौर्या के खिलाफ भी चार केस दर्ज हैं। दोनों सगे भाई हैं। दोनों एक साथ अपराध की घटना को अंजाम देते थे। घटना को अंजाम देने के बाद बराबर रकम बांट लेते थे। बताया कि जल्द ही फरार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस की टीम लगाई गई है।




