संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर बरहज(देवरिया) बरांव चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रेलर के अनियंत्रित होने से शुक्रवार को सड़क किनारे अलाव ताप रहे तीन लोगों की कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर एक दुकान में जा घुसा। इससे ट्रेलर चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। शाम को एसडीएम गजेंद्र सिंह और विधायक दीपक मिश्र ने घर जाकर मदद राशि का चेक पहुंचाया।
मदनपुर थाना क्षेत्र के बरांव चौराहे पर हादसा सुबह करीब पौने आठ बजे हुआ। यहां सरकारी देसी शराब के ठैके के पास सेल्समैन अशोक यादव, दुकानदार सुधीर सिंह, पतरू और छह अन्य लोग अलाव ताप रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बरहज की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रेलर ने बहसुआं गांव निवासी साइकिल सवार पारस पांडेय (50) को कुचल दिया। इसके बाद ट्रेलर अलाव ताप रहे लोगों की ओर मुड़ गया और अशोक मद्धेशिया की दुकान में जा घुसा। इसमें बहसुआं गांव निवासी गौरी गोंड (60), सुनील मद्धेशिया (45) ट्रेलर के पहिये के नीचे आ गए। इन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, साइकिल सवार पारस पांडेय की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में जान चली गई। बोल्डर लदे ट्रेलर के दुकान में घुस जाने से ट्रेलर चालक को भी चोटें आईं। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची प्रशासन व पुलिस की टीम ने घंटों जद्दोजहद के बाद जेसीबी, क्रेन आदि की मदद से ट्रेलर के पहिया के नीचे फंसे शवों को बाहर निकलवाया। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि तेज रफ्तार की वजह से हादसा हुआ है।




