संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले में बड़ी खबर सामने आई है। चंदौली का वनस्पति घी व्यापारी गोरखपुर से गुरुवार की शाम को लापता हो गया। घरवालों ने उसके अपहरण की आशंका जताई है। मामले की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चंदौली के रहने वाले प्रसून केशरी गोरखपुर में कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और गोरखनाथ इलाके में एक होटल में ठहरे थे। आरोप है कि दिन में 1.30 बजे कुछ लोग आए और पूछताछ के लिए थाने चलने की बात कहते हुए साथ ले गए। हालांकि कुछ देर बाद वह लौट आए और फिर 4.30 बजे दोबारा कहीं गए। उसके बाद से लापता हैं।
परिवार और रिश्तेदारी के लोगों ने हर जगह तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चला, उनका मोबाइल भी बंद आ रहा है। घरवालों ने हार मान कर रात में करीब 9 बजे पुलिस को सूचना दी। व्यापारी के अपहरण की खबर मिलते ही गोरखनाथ थाने की पुलिस के साथ ही एसपी सिटी भी मौके पर पहुंच गए। रिश्तेदारों से बातचीत करने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू कर दी।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि चंदौली के व्यापारी शाम 4.30 बजे से होटल से लापता हैं, पूछताछ के दौरान पता चला कि दोपहर में कुछ लोग पूछताछ के लिए ले गए थे, वे कौन लोग थे उनके बारे में सीसी टीवी फुटेज के माध्यम से जानकारी की जा रही है। यह भी पता किया जा रहा है कि दोबारा होटल आने के बाद वह किसके साथ गए। जबतक स्थिति साफ न हो जाय अपहरण नहीं कहा जा सकता है।




