संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के मथौली गांव के प्रधान शिवाजी यादव की लाश रविवार की सुबह उनके कमरे में फंदे से लटकती मिली। उनकी आत्महत्या की खबर पर पूरे गांव में कोहराम मच गया।हर तरफ सन्नाटा पसरा है।
- अज्ञात कारणों से प्रधान ने की आत्महत्या
- कमरे के अंदर कुंडी पर फंदे से लटककर दी जान
- हरपुर पुलिस ने दरवाजा तोड़ शव को उतारा
- शव को कब्जे में लेकर पुलिस जांच में जुटी
- हरपुर क्षेत्र के मथौली का मामला.
मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह टहलने निकले गांव के टहलने कुछ लड़के ग्राम प्रधान के घर पहुंचे। उनके आवाज देने पर ग्राम प्रधान की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने रोशनदान के रास्ते झांक कर देखा। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर वे हैरान रह गए। वहां ग्राम प्रधान का शरीर छत की कुंडी से लटकता दिखाई दिया। इस सूचना पर गांव में कोहराम मच गया। प्रधान के घर के आसपास गांववालों की भीड़ जुट गई।
कुछ लोगों ने इसकी सूचना हरपुर बुदहट पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी संदीप यादव ने अंदर से बंद दरवाजे को तोड़वाया और शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। सूचना पर खजनी के सीओ अनिल सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बताया जा रहा है कि प्रधान की पत्नी गोरखपुर शहर में रहती हैं। उनका एक बेटा भी है। प्रधान के एक भाई पुलिस में सिपाही हैं। और दो भाई विदेश रहते हैं।
पुलिस और गांववालों के मुताबिक प्रधान ने आत्महत्या की है लेकिन उन्होंने आत्महत्या क्यों की इसकी वजह अभी तक सामने नहीं आ पाई है। लोगों के अनुसार प्रधान की परिवार में किसी से कोई अनबन भी नहीं थी। प्रधान, शिवाजी यादव के फांसी लगाने की जानकारी पर परिजनों के साथ ही गांववालों का भी रो -रो कर बुरा हाल है।




