संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर : बहूभोज कार्यक्रम के दौरान ऐसी घटना घटी, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है. दरअसल रिसेप्शन में आए एक अनजान शख्स ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है.अज्ञात शख्स 3 लाख रुपए नकद और गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गया. अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.

दरअसल गोरखपुर के शाहपुर शक्तिनगर कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार सिंह के बेटे अभिनव कुमार की शादी 2 नवंबर, 2025 को संपन्न हुई और परिवार ने 7 नवंबर, 2025 को एक बैंक्वेट हॉल में रिसेप्शन पार्टी रखी. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर, रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर पूरा परिवार खाने के डांस में व्यस्त हो गया. इस दौरान प्रमोद ने गहने और पैसों वाला बैग एक सोफे पर रख दिया.
घटना को अंजाम देने की फिराक में अज्ञात युवक पीछे की ही कुर्सी पर बैठा था. मौका मिलते ही उसने बैग पर झपट्टा मारा और तेजी से रिसेप्शन पार्टी से फरार हो गया. कुछ देर बाद परिजनों ने बैग की तलाश की तो बैग गायब था. परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बैग में करीब 3 लाख रुपए, चांदी के सिक्के और परिवार के ही कुछ गहने थे.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश जारी
रिसेप्शन हॉल की ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. वारदात के बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. घटनास्थल पर पहुंची गोरखपुर पुलिस ने हॉल के सीसी कैमरे खंगाले, तब जाकर आरोपी की सारी करतूत का पर्दाफाश हुआ. एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेगी.




