संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले के बड़हलगंज क्षेत्र के महुलिया पोयल निवासी 29 वर्षीय प्रिया तिवारी की प्रसव के दौरान ऑपरेशन के बाद हालत बिगड़ने से सोमवार की रात में मौत हो गई। परिजनों ने सिया मैटरनिटी सेंटर की संचालिका डॉ. पूनम यादव पर लापरवाही और गलत उपचार का आरोप लगाया है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर प्रिया को बाईपास रोड स्थित सिया मैटरनिटी सेंटर ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टर ने तत्काल ऑपरेशन की आवश्यकता बताई। करीब 11:30 बजे मरीज को ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया और परिजनों से खून की व्यवस्था करने को कहा गया।

दोपहर 12:22 बजे ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा को बाहर लाया गया। परिजनों का कहना है कि पुत्र जन्म के बावजूद प्रसूता की हालत गंभीर बनी रही। आरोप है कि एनेस्थीसिया का असर कम होने के साथ ही प्रिया को तेज दर्द और घबराहट होने लगी। डॉक्टर ने खून की कमी बताकर एक और यूनिट ब्लड मंगाया, लेकिन खुद बार-बार बुलाने पर भी मरीज को देखने नहीं आईं। शाम करीब 7:30 बजे डॉक्टर ने हालत नाजुक बताई। इसी बीच परिजनों का आरोप है कि स्थिति बिगड़ती देख डॉक्टर स्टाफ सहित क्लिनिक छोड़कर चली गईं। गंभीर अवस्था में प्रिया को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सोमवार की रात में मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान आंतरिक ब्लीडिंग को छिपाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




