संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले के बीमार बच्ची को इंजेक्शन लगाने वाले मेडिकल स्टोर संचालक पर केस दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद बच्ची की मौत हो गई थी।पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बांसगांव थाना क्षेत्र के माल्हनपार चौराहे से सटे जोहराबाद स्थित एसएन मेडिकेयर सेंटर के संचालक ने रविवार को बुखार से पीड़ित नौ साल की बच्ची दिव्या को इंजेक्शन लगाया था, जिससे थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई।
मसूरिया गांव निवासी दिनेश की पत्नी शशिकला ने बांसगांव थाने पर तहरीर दी थी। जिस पर पुलिस ने आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक अरुण कुमार उर्फ मुन्ना के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

शशिकला ने बताया कि बच्ची को बुखार था। गांव के पास जोहराबाद स्थित मेडिकल स्टोर पर ले गई थी। जहां पर संचालक के इंजेक्शन लगाते ही बच्ची की हालत और खराब हो गई और थोड़ी देर बाद ही उसकी मौत हो गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माल्हनपार उरुवा प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जेपी तिवारी ने बताया कि मामला मेडिकल स्टोर्स से जुड़ा होने के कारण ड्रग इंस्पेक्टर को लिखित रूप से सूचित किया गया है। उधर, थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच की जा रही है।




