संदेश न्यूज़ गोरखपुर पिपराइच चीनी मिल ने चालू पेराई सत्र में गन्ना मूल्य का पूरा भुगतान कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। मिल प्रबंधन ने 1 से 7 मार्च के बीच के 502.83 लाख रुपये का भुगतान भी जारी कर दिया।

चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक नवदीप शुक्ला (पीसीएस) के अनुसार, इस सत्र में मिल ने कुल 43.80 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब सवा तीन लाख क्विंटल अधिक है। उन्होंने बताया कि इस दौरान गन्ना आपूर्ति करने वाले 99,853 किसानों को कुल 17128.82 लाख रुपये (171.28 करोड़ रुपये) का पूरा भुगतान मिल बंद होने के मात्र नौ दिनों के भीतर कर दिया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि, मिल किसानों के हित में सब्सिडी पर बीज, उर्वरक और कृषि यंत्र उपलब्ध करा रही है। समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रधान प्रबंधक ने किसानों से अपील की कि वे आगामी पेराई सत्र में मिल की क्षमता के अनुरूप गन्ने की बुवाई करें, ताकि उत्पादन और आपूर्ति में संतुलन बना रहे




