संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर प्रदेश के इटावा जिले के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में खौफनाक गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। यहाँ पुरानी रंजिश के चलते कार सवार दबंगों ने एक पेट्रोल पंप पर फिल्मी अंदाज में बाइक सवार युवकों को कुचलने की कोशिश की और फिर उन पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।

इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावरों की बर्बरता साफ देखी जा सकती है। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में नामजद तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, वैदपुरा थाना क्षेत्र के कुंजपुर निवासी मोहित पुत्र दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 13 मार्च की सुबह करीब 11 बजे वह अपने साथी सिंकू के साथ बाइक से जसवंतनगर बाजार से घर लौट रहा था। जब वे नेशनल हाईवे पर स्थित भुवनेश पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि कार सवार युवकों से उनका पुराना विवाद चल रहा है। हमलावरों ने पहले सड़क पर गाली-गलौज की, जिससे डरकर मोहित ने अपनी बाइक पेट्रोल पंप के किनारे खड़ी कर दी। लेकिन हमलावरों का इरादा कुछ और ही था। उन्होंने जान से मारने की नीयत से कार को अचानक मोड़ते हुए किनारे खड़ी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार के नीचे फंस गई और मोहित दूर जा गिरा।हादसे के बाद जब घायल मोहित और उसका साथी जान बचाने के लिए पेट्रोल पंप के कार्यालय की ओर भागे, तो कार सवार सचिन, विकास और शिवेन्द्र हाथों में लाठी-डंडे लेकर कार से बाहर निकले।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दबंगों ने भाग रहे मोहित को घेर लिया और उस पर डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग इस मंजर को देखकर सहम गए। हमलावरों ने मोहित को जमीन पर गिराकर तब तक पीटा जब तक कि वह लहूलुहान होकर अचेत नहीं हो गया। उसके सिर और शरीर के अन्य अंगों में गंभीर चोटें आई हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपनी कार मौके पर ही छोड़कर दूसरी गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने मोहित को धमकी दी कि “आज तो तू बच गया, लेकिन अगली बार जिंदा नहीं बचेगा।” पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धारा 307 (हत्या का प्रयास) और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जसवंतनगर पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान पुख्ता हो गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इस घटना ने हाईवे पर सुरक्षा और पुलिस गश्त पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।




