संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के भरवलिया के पास मंगलवार रात बाइक सवार बदमाशों ने एक इंटर कॉलेज के प्रबंधक और भाजपा नेता को गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने उन्हें गगहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है।

गगहा थाना क्षेत्र के भैंसहा गांव निवासी राधा मोहन सिंह हिन्दू युवा वाहिनी से जुड़े थे। वर्तमान में भाजपा से जुड़े हैं। इसके साथ ही वह भैंसहा स्थित लीलावती देवी स्मारक इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं और क्षेत्र में एक संभ्रांत व्यक्ति के रूप में उनकी पहचान है। जानकारी के अनुसार, वह मंगलवार रात करीब नौ बजे गगहा से बुलेट मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भरवलिया के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गगहा पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रंजिश को हमले की वजह माना जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसएसपी राज करन नय्यर ने बताया कि राधा मोहन सिंह ने दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
कॉलेज प्रबंधक राधे मोहन सिंह तीन वर्ष पहले शोहदों के खिलाफ आवाज उठाने को लेकर इलाके में चर्चा में रहे थे। अब उन पर हुए जानलेवा हमले के बाद उसी पुराने विवाद को जोड़कर देखा जा रहा है। घायल राधे मोहन सिंह ने पुलिस को बताया है कि हमले में चार लोग शामिल थे, जिनमें से दो को वह पहचानते हैं। बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उन्हें लगी, जबकि दूसरी चूक गई।




