संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले में गगहा इलाके के जीवकर में सोनू यादव (27) की हत्या के आरोपी भाई अनिल यादव को सोमवार रात में पुलिस ने भलुआन के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि बहनोई का साथ देने के टीस में उसने सोनू पर हमला कर दिया था, जिसमें उसकी मौत हो गई।लेकिन, वह यह नहीं चाहता था कि भाई की जान चली जाए। पुलिस ने आरोपी अनिल को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, गगहा थाना क्षेत्र जीवकर निवासी अनिल यादव (36) पुत्र राम गोपाल यादव ने दो फरवरी की रात आपसी रंजिश में छोटे भाई सोनू यादव (27) को सिर पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। रविवार सुबह सोनू की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद पिता राम गोपाल यादव की तहरीर पर अनिल यादव व उसकी पत्नी संध्या के खिलाफ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, अपराधिक शरारत कर आर्थिक नुकसान पहुंचाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया था।
हालांकि, बाद में सोनू की पत्नी रंजना की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि सोनू के सगे बहनोई छत्तीसगढ़ के कोलफील्ड में लंबे समय से काम करते थे। बहनोई ने बड़े भाई अनिल को काम में हाथ बटाने के लिए कुछ वर्ष पहले छत्तीसगढ़ बुलाया था।
अनिल और बहनोई के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था कि रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद के बाद बहनोई ने छत्तीसगढ़ में अनिल पर पैसे के गबन को लेकर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद गांव से सोनू छत्तीसगढ़ में बहनोई के पास पहुंचा था।
बहनोई और बड़े भाई अनिल के बीच समझौता कराने का सोनू ने बहुत प्रयास किया, लेकिन कभी बात नहीं बनी। वहीं, अनिल के मन में सोनू से टीस हो गई थी, क्योंकि उसे लगने लगा था कि सोनू बहनोई का पक्ष लिया करता था।




