संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर जिले के गगहा इलाके के गरयाकोल गांव में छाया सिंह के आठ महीने बेटे की सोमवार रात मौत हो गई। मंगलवार को बच्चे के पिता को जानकारी होने के बाद उन्होंने गगहा पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी।आरोप है कि बच्चे को उसकी मां ने मार डाला है। पुलिस ने मौत की वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, गगहा थाना क्षेत्र के गरयाकोल की मूल निवासी गंगासागर सिंह की बिटिया छाया सिंह की शादी 2021 में गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र के तुलसीपुर माझा निवासी भभूती सिंह के पुत्र जगत बहादुर सिंह (28) से हुई थी। सन 2022 के अप्रैल में बेटे का जन्म हुआ।
कुछ दिन बाद से पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई। पारिवारिक कलह के चलते नौ दिसंबर को छाया अपने बेटे को लेकर गगहा के गरयाकोल गांव में मायके आ गई। सोमवार रात अचानक बच्चे की तबीयत खराब हुई तो छाया व मायके वाले बड़हलगंज सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन बच्चे के दाह संस्कार की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान बच्चे के पिता ने पुलिस को सूचना देकर अपनी पत्नी द्वारा पुत्र को जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए दाह संस्कार करने से रोकवा दिया। पुलिस ने पिता की शिकायत पर बच्चे के शव का दाह संस्कार करने से रोकवा दिया है। पुलिस पिता के आने का इंतजार कर रही है।
गगहा थाना प्रभारी संदीप कुमार सिंह ने कहा कि मृत बच्चे के पिता ने फोन कर पत्नी एवं मायके वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है।




