संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर गोला थानाक्षेत्र के ग्राम पहाडपुर निवासी 52 वर्षीय संविदाकर्मी लाइनमैन की शुक्रवार की शाम 5.30 बजे म करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। पत्नी मीरा देवी ने हत्या का आरोप लगाया है। उधर, जेई का कहना है कि वह शराब पीकर चोरी से लाइन जोड़ रहे थे। खबर लिखे जाने तक सीएचसी पर शव पड़ा था, पत्नी और बच्चे दहाड़ मारकर रो रहे थे। इस बाबत कोतवाल जयनरायन शुक्ल का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
पहाड़पुर निवासी नरेंद्र सिंह संविदा पर विद्युत उपकेंद्र गोला में लाइनमैन थे। जेई गोला रनविजय बिंद का कहना है कि गोला कस्बे में चेकिंग अभियान चलाया गया और 12 लोगों का बिजली कनेक्शन काटा गया था। इस दौरान 4-5 लाख रुपये की बकाया वसूली भी हुई। यह अभियान शाम पांच बजे तक चला।
बकाएदारों की बिजली काटकर केबल उतारा जा रहा था। जब सभी लोग पॉवर हाउस पर आ गए तब हनुमान गढ़ी के पास चोरी से एक व्यक्ति लाइन जोड़ रहा था, उसी समय करंट की चपेट में आ गया। सूचना पर उसे सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
नरेंद्र को दो बेटियां और दो बेटे हैं। बड़ी बेटी की शादी हो गई है। देर शाम को नरेंद्र का शव सीएचसी पर पड़ा था। परिवारीजनों ने पुलिस को शव नहीं ले जाने दे रहे थे। घरवाले विद्युत विभाग के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की की मांग कर रहे थे।




