संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र के ग्राम जिगनी बुजुर्ग की एक 17 वर्षीय छात्रा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। घर से कॉलेज जाने निकली छात्रा संजना प्रजापति पुत्री रामजतन प्रजापति बीते 25 अक्टूबर की सुबह से अब तक घर नहीं लौटी है।घटना से परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। छात्रा के भाई राजवीर प्रजापति की लिखित तहरीर पर गोला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिवार के मुताबिक संजना सुबह करीब 7:30 बजे अपने घर से पार्वती महिला डिग्री कॉलेज के लिए निकली थी। उसने बताया था कि कॉलेज जाकर परीक्षा फॉर्म भरना है और फीस जमा करनी है। इसी उद्देश्य से वह अपने साथ ₹1500 रुपये लेकर गई थी। परिवारजन बताते हैं कि सुबह लगभग 10:30 बजे उसकी अपने भाई राजवीर से बात हुई थी। लेकिन दोबारा 1:30 बजे जब राजवीर ने फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिवार ने पूरा दिन तलाश की- रिश्तेदारों, सहेलियों और कॉलेज में भी पूछताछ की, लेकिन संजना का कोई सुराग नहीं मिला।राजवीर प्रजापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि संजना का एक युवक विकास चौधरी से मोबाइल पर अक्सर संपर्क रहता था। भाई को संदेह है कि उसी युवक ने उसकी बहन को बहला-फुसलाकर गायब कर दिया है। राजवीर ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले पर थाना प्रभारी राहुल शुक्ला ने बताया कि परिवार की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें छात्रा की खोजबीन में जुटी हैं और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।




