संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर जिले के गोरखनाथ थाना क्षेत्र के हुमायूंपुर उत्तरी में नौ साल के बच्चे की तालाब में डुबोकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी 15 वर्षीय बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, उसने बच्चे को तालाब में धकेलने की बात स्वीकार की है।

मिली जानकारी के अनुसार गोरखनाथ क्षेत्र के हुमायूपुर उत्तरी में खाली जमीन पर झुग्गी-झोपड़ी डालकर असम के कुछ परिवार रहते हैं। ये लोग कबाड़ बीनकर अपना गुजर-बसर करते हैं। असम निवासी अब्दुल का नौ वर्षीय बेटा मोमिनुल हक भी परिवार के साथ यहीं रहता था और कबाड़ बीनने में मदद करता था। परिजनों के अनुसार रविवार शाम इफ्तार के बाद मोमिनुल हक बगल में रहने वाले एक किशोर के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे रेलवे पटरी के पास स्थित एक तालाब में बच्चे का शव उतराता मिला। सूचना मिलते ही गोरखनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि बच्चा आखिरी बार पड़ोस में रहने वाले 15 वर्षीय लड़के के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में किशोर ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि शराब के नशे में उसने बच्चे को तालाब में धक्का दे दिया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी का बयान दर्ज कर लिया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण और अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे के पिता की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को अभिरक्षा में ले लिया गया है। आरोपी नाबालिग है और उसकी उम्र करीब 15 वर्ष बताई जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




