संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर जिले के कोतवाली इलाके के तरंग क्रॉसिंग के पास बुधवार शाम रेलवे ठेका कंपनी के मुनीम ने 2.63 लाख रुपये लूट की सूचना देकर सनसनी फैला दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।जांच में पुलिस के हाथ सीसीटीवी फुटेज लगा जिसमें मुनीम दिखाई दे रहा है और उसके साथ कोई जोर जबरदस्ती नजर नहीं आ रहा है। पुलिस ने वीडियो दिखा कर पूछताछ की तो उसने बताया, रुपये गिर गए हैं और इस वजह से उसने लूट की सूचना दे दी थी। हालांकि, पुलिस को जो फुटेज मिला है उसमें वह खुद ही एक बाइक सवार को रुपये देते नजर आ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पीपीगंज वार्ड नंबर 18 बुद्धनगर निवासी दुर्गा लाल यादव रेलवे में ठेका लेकर काम करने वाली हल्दिया कंपनी में मुनीम है। कर्मचारियों को वेतन देने के लिए खाते में 2.63 लाख रुपये आए थे। पीपीगंज कस्बे के पीएनबी से उन्होंने बुधवार को रुपये निकाले और ऑटो से तरंग क्रॉसिंग के पास पहुंचे।
उन्होंने पुलिस को बताया कि तरंग के पास जैसे ही ऑटो से उतरे बाइक सवारों ने धक्का दे दिया, जिससे वह गिर गए और बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से जांच शुरू कर दी, जिसके बाद पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।
ढाई बजे की घटना, सूचना दी पांच बजे
पुलिस घटना को इस वजह से भी संदेह की नजर से देख रही है कि पीड़ित ने घटना का समय ढाई बजे बताया है, लेकिन पुलिस को सूचना शाम पांच बजे के बाद दी गई। इतने देर तक सूचना न देने की वजह की भी पुलिस जांच कर रही है।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि मुनीम ने फर्जी लूट की सूचना दी थी। सीसीटीवी कैमरे की जांच से साफ हो गया है कि उनके साथ कोई घटना नहीं हुई है। फुटेज देखने के बाद मुनीम बता रहे हैं कि रुपये गिर गए हैं। मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।




