संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले चिलुआताल थाना क्षेत्र के मैना गांव से पीपीगंज क्षेत्र में गई एक बारात में हुए विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। बारात में कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने मैना गांव पहुंचकर फायरिंग कर दी।
घटना से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मैना गांव से एक बारात पीपीगंज गई थी। शादी समारोह के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। मामला शांत होने के बाद बारात लौट आई, लेकिन देर रात कुछ युवक दोबारा मैना गांव पहुंच गए और हवाई फायरिंग शुरू कर दी।
गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छह लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक अवैध पिस्टल बरामद की गई है। मौके से एक खोखा भी पुलिस ने कब्जे में लिया है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फायरिंग की घटना को गंभीरता से लिया गया है और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। मामले की जांच जारी है।




