संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर जिले के बेलीपार थाना क्षेत्र के जुड़ापुर गांव में राहुल यादव की चाकू घोंपकर हत्या करने के तीन और आरोपियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी बाल अपचारी है।उधर, बुधवार को एक आरोपी मनोज ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुड़ापुर निवासी रामशाही निषाद व सुग्रीव निषाद के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक, 19 दिसंबर की शाम में पुरानी रंजिश में राहुल यादव (34) की बदमाशों ने मुर्गा काटने वाले चाकू से मारकर हत्या कर दी थी।
इस मामले में पुलिस ने सात लोगों पर केस दर्ज कर दो आरोपियों को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। अन्य की तलाश में पुलिस टीम लगी थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने एक बाल अपचारी समेत तीन लोगों को पकड़ लिया। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। एक आरोपी बाल अपचारी है। अन्य को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। घटना में इस्तेमाल आला कत्ल बरामद कर लिया गया है। अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।




