संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले में गिरने से 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। बालक साइकिल समेत खुले नाले में जा गिरा, जहां खड़ी लोहे की सरिया उसके शरीर में घुस गई।गंभीर हालत में उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पीड़ित पिता ने ठेकेदार पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, चिलुआताल क्षेत्र के मुड़ीला उर्फ मुंडेरा निवासी श्याम सुंदर चौरसिया का पुत्र कन्हैया चौरसिया साइकिल से वार्ड नंबर 5 मनबेला, राप्ती नगर विस्तार कॉलोनी से अपने घर लौट रहा था।

आरोप है कि क्षेत्र में नाला निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। नाले का ढक्कन खुला पड़ा था और अतिरिक्त लोहे की छड़ें (सरिया) बाहर निकली हुई थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने पर कन्हैया साइकिल सहित खुले नाले में गिर पड़ा। गिरते समय नाले में खड़ी सरिया उसके शरीर में घुस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्रीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। स्थानीय नागरिकों ने जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पिता ने चिलुआताल थाना पुलिस को लिखित तहरीर देकर दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




