संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर नौकरी से रिटायरमेंट के बाद एक दरोगा जी अपनी बेटी के पास अमेरिका चले गए लेकिन नौकरी के दौरान की जिम्मेदारियों ने अब उनकी घेराबंदी शुरू कर दी है। दरोगा जी ने नौकरी में रहते एक विधवा की हत्या और गर्भपात के मामले में विवेचना की थी।उस मामले में गवाही देने न आने पर गोरखपुर पुलिस ने अब उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पता चला कि दरोगा जी रिटायरमेंट होने के बाद बक्सर (बिहार) जिले के दुल्लहपुर थानाक्षेत्र स्थित सिमरी गांव चले गए थे। न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी होने पर पहले वह स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर गवाही देने नहीं आए। पुलिस लाने पहुंची तो पता चला कि वह अमेरिका में रहने वाली बेटी के पास चले गए हैं। शाहपुर थानाक्षेत्र में रहने वाली विधवा महिला की 2002 में हत्या कर दी गई थी।
आरोप है कि कोईल यादव नाम के एक शख्स ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। गर्भ ठहरने पर जबरन गर्भपात करा दिया जिससे उसकी मौत हो गई। गोरखपुर के शाहपुर थाने में दर्ज हत्या और गर्भपात कराने के मुकदमे की विवेचना तत्कालीन हलका दरोगा सुरेश सिंह ने की थी। रिटायरमेंट के बाद वह अपने गांव चले गए। वहां से वह अपनी बेटी के घर अमेरिका चले गए।




