संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर. खोराबार थानाक्षेत्र के जंगल चवरी के पास गोरखपुर-देवरिया फोरलेन बगल से शहर की तरफ से आ रहे नव निर्मित नाले में बुधवार को शाम 5 बजे 29 वर्षीय ई-रिक्शा चालक का शव मिला.चौरीचौरा थाना के केवला चक निवासी अखिलेश गुप्ता पुत्र लालमन गुप्ता (29) के रूप में पहचान हुई है. युवक की लाश खोराबार इलाके के जंगल चवरी स्थित गोरखपुर-देवरिया फोरलेन के पास बन रहे नाले में मिली है.
बताते चलें कि लाश का कुछ हिस्सा मिट्टी में गड़ा हुआ था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की पड़ताल में जुट गई. पुलिस का कहना है शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पता चल सकेगी. देर शाम अखिलेश के घर वालों ने चौरीचौरा थाने पर तहरीर देते हुए आरोप लगाया है, अखिलेश की हत्या कर नाले में फेंका गया है.
युवक की पहचान चौरीचौरा इलाके के केवलाचक निवासी लालमन गुप्त के बेटे अखिलेश गुप्ता (29) के रूप में हुई है. परिवार के लोगों ने बताया कि वह बुधवार की सुबह ई-रिक्शा लेकर घर से गोरखपुर गया था. घर से निकलने के बाद उसके मोबाइल पर फोन करने पर उठ नहीं रहा था.
थाना प्रभारी जयंत सिंह ने बताया युवक का शव कुसम्ही जंगल के पास शहर से आ रहे नवनिर्मित नाले से बरामद किया गया है. नाले के ऊपर ही एक ई रिक्शा भी बरामद किया गया है. शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है. तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. मृतक दो भाइयों में छोटा था.




