संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र के सिहोरवा बाजार से अपने गांव प्रतापपुर लौट रहे एक युवक पर बाइक सवार दो युवकों ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली युवक के कंधे के नीचे पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से फायर में प्रयुक्त देशी तमंचा बरामद किया। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।

घटना मंगलवार शाम लगभग चार बजे की है। घायल युवक की मां सुमित्रा देवी पत्नी विरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके बेटे राजनीति सिंह पर दो बाइक सवार युवकों ने पीछे से फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

सूचना पर जब वह मौके पर पहुंचीं तो आसपास के लोगों ने बताया कि वारदात के बाद हमलावर भाग निकले। इलाज के दौरान घायल राजनीति ने बताया कि गोली राजन पुत्र जय बहादुर और अखिलेश पुत्र गुल्लू पुत्र हरिराम, निवासी मानबेला (भटोलिया), थाना चिलुआताल ने मारी है। राजनीति को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां एक्स-रे में पता चला कि गोली उसकी पीठ में फंसी हुई है, जिसे निकालने के लिए ऑपरेशन करना होगा। मामले की जानकारी मिलते ही चिलुआताल पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने दोनों आरोपितों को बुधवार सुबह दबोच लिया और उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त देशी तमंचा बरामद किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें आवश्यक पूछताछ के बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।




