संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर न्यूज़ : सेवानिवृत्त रेलकर्मी उपेंद्र कुमार सिंह सिद्धार्थनगर कालोनी में रहते हैं. 14 अगस्त को उन्हें एक काल आया. दूसरी तरफ से बात करने वाले ने खुद को यूके की विक्सो ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताया और कहा कि कंपनी भारत सरकार से अनुमोदित है.इसमें निवेश करने पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रिटर्न मिलेगा. पहले तो उपेंद्र सिंह ने संदेह जताया, लेकिन ठगों ने उन्हें फर्जी वेबसाइट, वैध दिखने वाले दस्तावेज और निवेश एप दिखाकर भरोसे में ले लिया. धीरे-धीरे उन्होंने 14 से 29 अगस्त के बीच तीन अलग-अलग खातों में कुल 37 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए

शुरुआत में ठगों ने नकली डैशबोर्ड पर लाभ का आंकड़ा दिखाया, जिससे उपेंद्र को लगा कि उनकी रकम सुरक्षित है. लेकिन जब उन्होंने अपनी पूंजी वापस मांगनी चाही, तो ठगों ने कहा कि रुपये निकालने के लिए चार लाख रुपये और जमा करने होंगे. इस पर उन्होंने भुगतान करने से इनकार किया, तो ठगों ने धमकी दी कि अगर उन्होंने चुप्पी नहीं साधी, तो उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद रामगढ़ताल थाने में उपेंद्र ने तहरीर दी. थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ठगों के बैंक खाता, मोबाइल नंबर और आनलाइन ट्रांजेक्शन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.




