संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर चौरीचौरा के सपा के पूर्व प्रदेश सचिव कुंवर प्रताप सिंह के पुत्र व मतौनी के प्रधान विजय प्रताप सिंह को बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने प्रतिबंधित कार्बाइन बरामद कर ली है।दरअसल, विजय प्रताप का सोशल मीडिया पर समारोह में डांस करते समय कार्बाइन से फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल हुआ था।
चौकी इंचार्ज की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। खबर है कि पुलिस ने गांव के एक शख्स को भी पकड़ा है, उसने ही कार्बाइन विजय को दी थी। फिलहाल, पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है कि आखिर कार्बाइन कहां से आई है।
जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले सोशल मीडिया पर विजय का कार्बाइन से फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। मामला संज्ञान में आने के बाद बृहस्पतिवार को चौकी इंचार्ज की तहरीर पर केस दर्ज कर किया गया था। एसएसपी के आदेश पर एसओजी व खोराबार पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
सर्विलांस की मदद से बृहस्पतिवार शाम चार बजे एसओजी प्रभारी मनीष यादव की टीम ने विजय प्रताप सिंह को चौरीचौरा तहसील के पास साथी संग दबोच लिया। पूछताछ के बाद साथी को छोड़ दिया गया। विजय पुलिस को गांव के एक शख्स से कार्बाइन मिलने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
एसएसपी दफ्तर पहुंचे सपा नेता भी हिरासत मेंबेटे के बारे में जानकारी लेने के लिए एसएसपी दफ्तर गए सपा नेता कुंवर प्रताप सिंह को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोप था कि नेता ने दफ्तर में बेटे को पकड़े जाने के विरोध में हंगामा किया था। देर शाम कुंवर प्रताप से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
बोरे में छिपाकर रखी थी कार्बाइन
विजय प्रताप के निशानदेही पर पुलिस ने बोरे से कार्बाइन को बरामद किया है। बताया जा रहा है कि वह अपने कार में उसे लेकर घूमता था। पुलिस अब इस बात की जानकारी जुटा रही है कि आखिर इन दोनों के पास कार्बाइन आई कहां से थी।
चुनाव के दौरान फायरिंग में जेल गया था विजय प्रताप
पंचायत चुनाव के दौरान प्रत्याशी रहते हुए विजय प्रताप पर फायरिंग करने का आरोप भी लगा था। हालांकि, किसी को गोली नहीं लगी थी, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी विजय को जेल भेजा था। इसके बाद मतगणना में विजय चुनाव जीत गया था।
पूर्व विधायक पुत्र के पास भी मिली थी कार्बाइनपूर्व विधायक के ब्लॉक प्रमुख पुत्र प्रिंस उर्फ अगम सिंह को भी पुलिस कार्बाइन के साथ दबोच चुकी है। 18 अगस्त 2018 को पुलिस ने प्रिंस को कार्बाइन, पिस्टल व अन्य असलहों के साथ पकड़ा था।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि वीडियो वायरल होने की जानकारी होने पर केस दर्ज कर लिया गया था। आरोपी को कार्बाइन के साथ पकड़ा गया है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि प्रतिबंधित असलहा कहां से मिला। अगर किसी ने दिया तो कितने में दिया और उसके पास कहां से आया। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। जल्द ही सभी को दबोच लिया जाएगा।
सपा के पूर्व प्रदेश सचिव कुंवर प्रताप सिंह ने कहा कि गांव के खेल मैदान पर कब्जे की लड़ाई प्रधान बेटा लड़ रहा है। विरोधी ने साजिशन बेटे को फंसा दिया है। मैं सिर्फ एसएसपी के पास बेटे के बारे में जानकारी लेने के लिए गया था। मुझे भी पुलिस ने हिरासत में रखकर उत्पीड़न किया।




