संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले मे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। रविवार को एक्सप्रेसवे के 161 किलोमीटर प्वाइंट पर हुए भीषण सड़क हादसे में बेलघाट थाना क्षेत्र के रामपुर गोसाई गांव के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गोसाई गांव आ रही एक कार की अंबेडकरनगर जनपद के बेवां थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में विजय कुमार यादव (50), लक्ष्मी देवी (40) पत्नी मुकेश, जो विनय यादव की सास थीं, तथा विनय यादव का छह वर्षीय पुत्र वीर की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक रामपुर गोसाई गांव, थाना बेलघाट के निवासी थे। हादसे में कार चालक विनय कुमार यादव, अंश और 14 वर्षीय गुनगुन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल अकबरपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मृतकों और घायलों के परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल और अस्पताल के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि विनय यादव गाजियाबाद में रहते थे और सीबीएसएल कंपनी में नौकरी करते थे। परिवार भी वहीं उनके साथ रहता था। पत्नी से चल रहे आपसी विवाद के चलते उन्हें बेलघाट थाने में उपस्थित होना था, इसी सिलसिले में परिवार के सभी सदस्य गांव रामपुर गोसाई आ रहे थे, तभी यह भीषण दुर्घटना हो गई। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत से हर आंख नम है और माहौल गमगीन बना हुआ है। कार-ट्रक टक्कर में गोरखपुर के एक ही परिवार के तीन की मौत, तीन गंभीर




