संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले में फोरलेन पार करते समय तेज रफ्तार ट्रालर ने गुरुवार की दोपहर मां-बेटी को रौंद दिया। हादसे में बस्ती जनपद के नगरा बाजार निवासी अमीना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी तराना गंभीर रूप से घायल हो गई।हादसा गीडा थाना क्षेत्र के कालेसर जीरो प्वाइंट के पास हुआ।

घटना के बाद ट्रालर लेकर चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल तराना को तत्काल सीएचसी सहजनवा पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अमीना अपने पति अब्दुल रहमान और बेटी तराना के साथ पिपरौली में रहने वाले रिश्तेदार के यहां जा रही थीं। कालेसर के पास कट पर वाहन से उतरकर तीनों सड़क पार कर रहे थे, तभी संतकबीरनगर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रालर ने अमीना और उनकी बेटी को चपेट में ले लिया। गीडा पुलिस के अनुसार अभी तक तहरीर नहीं मिली है और फरार चालक व ट्रालर की तलाश की जा रही है।




