संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर : जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 21 साल पहले मृत घोषित महिला के नाम से मुकदमा दर्ज होने पर पति ने पुलिस से शिकायत की। मामले की जांच में खुलासा हुआ कि पत्नी की मौत के बाद बच्चों की देखभाल के लिए घर में रखी गई महिला ने ही कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे खुद को मृतका बताकर विभिन्न जगहों पर शिकायतें और वाद दायर किए।कोर्ट के आदेश पर अब चिलुआताल थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2002 में हुई थी पत्नी की मौत
जानकारी के अनुसार संतकबीरनगर जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र के बरईपुर निवासी रामजीत धनबाद स्थित कोल माइन में कार्यरत हैं। रामजीत ने बताया कि उनकी पत्नी कपूरा देवी का निधन 14 मई 2002 को हो गया था। पत्नी की मृत्यु के बाद बच्चों की देखरेख के लिए उन्होंने चिलुआताल क्षेत्र की एक महिला को अपने घर पर रखा था, ताकि परिवार की जिम्मेदारियां संभाली जा सकें।
आरोप है कि समय बीतने के साथ उक्त महिला ने खुद को ही कपूरा देवी बताना शुरू कर दिया। वह अलग-अलग सरकारी अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देने लगी और खुद को रामजीत की पत्नी बताते हुए शिकायतें दर्ज कराने लगी। मामला तब गंभीर हुआ जब रामजीत को पता चला कि उनके खिलाफ पत्नी के नाम से मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
बच्चों की देखभाल के लिए रखा, ब्लैकमेल करने लगी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कथित महिला का असली नाम गंगा भारती पत्नी रामप्रीत है। बताया जा रहा है कि उसने दीवानी न्यायालय में शपथपत्र के आधार पर फर्जी वाद दायर किया और परिवार रजिस्टर में अपना नाम दर्ज कराने की कोशिश की। रामजीत का आरोप है कि महिला ने उनसे अवैध धन की मांग भी की थी। मांग पूरी न होने पर वह गोरखपुर लौट गई और इसके बाद कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मामले को लेकर रामजीत ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और विस्तृत शिकायत दर्ज कराई। कोर्ट के आदेश के बाद चिलुआताल थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न केवल कूटरचना और धोखाधड़ी का है, बल्कि पहचान के दुरुपयोग का भी गंभीर उदाहरण माना जा रहा है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस मामले ने सभी को सकते में डाल दिया है।




