संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले फर्जी इंस्पेक्टर को सिकरीगंज पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। आरोपित ने एक युवक से 16.30 लाख रुपये की ठगी की थी।मोटी रकम वसूलता था, बल्कि पुलिस की वर्दी पहनकर सड़क पर चेकिंग के बहाने वसूली भी करता था। दोपहर बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।

फर्जी इंस्पेक्टर के क्षेत्र में सक्रिय होने की सूचना पर सिकरीगंज थानाध्यक्ष आशीष कुमार तिवारी ने मंगलवार की सुबह सिकरीगंज-बेलघाट मार्ग पर डड़िहथ मोड़ के पास आल्टो कार को रोका।

कार सवार व्यक्ति पुलिस निरीक्षक की वर्दी में था, लेकिन जब उससे तैनाती और पहचान से जुड़े दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने फर्जी इंस्पेक्टर बनकर ठगी करने की बात कबूल कर ली।
आरोपित की पहचान बेलघाट के लखवापाकड़ गांव में रहने वाले दिग्विजय नाथ के रूप में हुई है। तलाशी में उसके कब्जे से उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी, फर्जी पहचान पत्र, नेम प्लेट, बैज, स्टार, पेनड्राइव, मोबाइल फोन बरामद हुए।
एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि आरोपित खुद को यूपी पुलिस का इंस्पेक्टर बताकर बेरोजगार युवकों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देता था। इसी तरह भदारखास-बढ़यापार निवासी धीरज शर्मा से उसने 16.30 लाख रुपये की ठगी की। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।




