संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले मे वर्षा होने से शुक्रवार को जहां मौसम सुहावना बना रहा। वहीं, शनिवार को अधिक वर्षा के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से सर्तक रहने की चेतावनी जारी गईरविवार को भी छिटपुट वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। वर्षा होने से दिन में उमसभरी गर्मी से राहत मिलेगी, तो रात में हल्की ठंडक का अहसास होगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.5 सेल्सियस कम रहा।

मौसम विज्ञान विभाग से जारी सूचना के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान का पारा 24.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा, जो सामान्य से 0.7 पाया गया। अधिकतम आर्द्रता 95 और न्यूनतम आर्द्रता 78 प्रतिशत
रही। कुल वर्षा 1.5 मिमी दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विज्ञानी टीबी सिंह ने बताया कि आंतरिक ओडिशा पर बना अवदाब लगातार सक्रिय है। पिछले छह घंटों में यह करीब 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक यह अक्षांश 20.7 डिग्री उत्तरी और देशांतर 83.7 डिग्री पूर्वी पर केंद्रित था। यह फुलबनी (ओडिशा) से करीब 60 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम, भवानीपटना से 100 किमी उत्तर-उत्तर-पूर्व तथा संबलपुर से 90 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम की दूरी पर स्थित था।
उन्होंने बताया कि अवदाब उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए आंतरिक ओडिशा और छत्तीसगढ़ से होकर गुजरेगा। अगले 24 घंटों में इसके कमजोर पड़कर एक निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है।
इसके असर से शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर सहित कई जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। घर से निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखें। किसानों को भी खेतों में जलभराव से बचाव की सलाह दी गई है।




