संदेश न्यूज़ 24 कुशीनगर पडरौना में मुठभेड़ में इनामी बदमाश घायल हो गया,तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लतवापट्टी नहर सरया के पास सोमवार की देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में 45 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। पुलिस की घेराबंदी देखकर बदमाश ने गोली चलाकर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने घुटने के नीचे गोली लगी। उसे काबू करके पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि आरोपी की पहचान तमकुहीराज क्षेत्र के लतवामुरलीधर निवासी हिसाबुद्दीन उर्फ टोनी के रूप में हुई है। उस पर 45 हजार रुपये का इनाम था। उसके खिलाफ कुशीनगर और गोरखपुर जिले के थानों में मुकदमे दर्ज हैं। सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि पशु तस्कर अपने साथियों संग लतवाचट्टी नहर होते हुए कहीं जा रहा है। मुखबिर के बताने के अनुसार सीओ जितेंद्र सिंह कालरा, स्वाट प्रभारी अमित शर्मा, तमकुहीराज के एसएचओ अश्वनी कुमार राय और तरयासुजान के एसएचओ राजेंद्र सिंह की टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी। करीब 10 बजे लतवा नहर के आसपास पुलिस ने घेराबंदी कर ली। इस दौरान दो अलग-अलग युवक आते नजर आए।
पुलिस ने उनको रोकने का प्रयास किया तो एक युवक बाइक से कूदकर खेतों में भाग गया। दूसरे ने पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी। अपना बचाव करते हुए पुलिस टीम ने भी फायरिंग की तो उसके पैर में गोली लगी। वह बाइक सहित नहर की पटरी पर गिर गया। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने उसके पास से बिना नंबर की बाइक, तमंचा, खोखा और कारतूस बरामद हुआ। पुलिस उसके साथियों की तलाश कर रही है।
पूछताछ में उसकी पहचान लतवामुरलीधर निवासी हिसाबुद्दीन उर्फ टोनी के रूप में हुई। उसके खिलाफ तमकुहीराज थाने में पशु तस्करी के मुकदमे में 25 हजार रुपये का इनाम जारी था। इसके अलावा गोरखपुर के चौरीचौरा में दर्ज एक मामले में गोरखपुर पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। जांच में सामने आया कि हिसाबुद्दीन उर्फ टोनी पर पटहेरवा, तमकुहीराज सहित कई अन्य थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं।




