संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह खराब सेहत के चलते 22 अगस्त से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। जहां डॉक्टरों ने उन्हें कमरे से आईसीयू में शिफ्ट किया है।डॉक्टर लगातार मुलायम सिंह यादव की सेहत पर नजर रख रहे हैं।
दोपहर में जैसे ही पिता मुलायम सिंह की हालत गंभीर होने की जानकारी मिली सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तत्काल पत्नी डिंपल यादव, बेटे अर्जुन सहित परिवार के अन्य सदस्य दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उधर, इटावा से मुलायम सिंह के भाई अभय राम व परिवार के अन्य सदस्य भी दिल्ली चले गए हैं। दूसरे बेटे प्रतीक यादव और छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर मुलायम सिंह के स्वास्थ्य की कामना की है।
वहीं प्रतीक यादव की पत्नी और मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा भी दिल्ली के लिए रवाना हो गईं हैं। डॉ. नितिन सूद की देखरेख में सपा संरक्षक का उपचार चल रहा है। डॉ नितिन सूद मेदांता के कैंसर स्पेशलिस्ट हैं। वहीं मेदांता के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नरेश त्रेहन खुद उनकी सेहत पर नजर रख रहे हैं।





