संदेश न्यूज़ 24 सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के परसा महापात्र गांव के टोला बरगहिया में शुक्रवार रात एक छात्र की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। परिजन हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के परसा महापात्र गांव के टोला बरगहिया निवासी अर्जुन लोधी (19) पुत्र सुरेश बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। परिवार के लोगों के मुताबिक, शुक्रवार शाम को चचेरे भाई मनोज को उसका बाजार से लाने गया था। बाइक से उसे लेकर गोरखपुर-नौगढ़ मार्ग पर गांव के पास उसे छोड़कर घर के लिए निकला था। रात करीब नौ बजे सड़क के पास उसके पड़े होने की जानकारी लोगों ने दी।
घर के लोग मौके पर पहुंचे और उसे ले आए। बाद में जिला अस्पताल लेकर गए। इसी बीच उसकी मौत हो गई। रात में ही पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर घटना की जानकारी ली। सुबह कोतवाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका व्यक्त की। उनका कहना है कि किसी ने अर्जुन को कुछ खिला दिया होगा, जिससे यह घटना हुई है। सदर कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




