संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर में बीते 48 घंटे से हुई लगातार बारिश ने एक बार फिर नदियों को उफान पर ला दिया है. रही-सही कसर पहाड़ों पर होने वाली बारिश ने पूरी कर दी है. यही वजह है कि रोहिन जहां खतरे के निशान को पार कर गई हवहीं राप्ती भी तेजी के साथ बढ़ रही है.
मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 48 घंटे में तेज बारिश हुई तो एक से डेढ़ आरएल मीटर प्रति 24 घंटे की रफ्तार से बढ़ रही राप्ती भी खतरे के संकेत देती नजर आ रही है. यही वजह है कि जिला प्रशासन के साथ आपदा प्रबंधन विभाग, बाढ़ चौकियां और एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीम को अलर्ट कर दिया गया है।
बारिश के बाद नदियां उफान पर
यूपी में हुई तेज बारिश ने जहां कई शहरों का बुरा हाल कर दिया है तो वहीं नदियां भी उफान पर आ गई हैं. पूर्वी यूपी की बात करें तो सभी नदियां तेजी के साथ बढ़ रही हैं. गोरखपुर के त्रिमुहानी घाट पर रोहिन खतरे के निशान को पार कर चुकी है. रोहिन खतरा बिंदु 64.01 से 0.7 आरएल मीटर ऊपर 83.140 आरएल मीटर पर बह रही है. राप्ती नदी खतरा बिंदु 74.98 से 0.92 आरएल मीटर नीचे 74.060 आरएल मीटर पर बह रही है।.राप्ती भी तेजी से बढ़ने पर है. घाघरा भी अयोध्या पुल और तुर्तीपार में तेजी के साथ बढ़ रही है. हालांकि खतरे के निशान से 0.67 आरएल मीटर नीचे है. कुआनो और गुर्रा नदियां भी तेजी के साथ चढ़ान पर है. हालांकि इससे खतरा कम है. क्योंकि ये नदियां अभी खतरे के निशान से डेढ़ से दो मीटर नीचे बह रही हैं.
बाढ़ चौकियों को किया गया अलर्ट
गोरखपुर के जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता ने बताया कि बीते दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से नदियों के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है. पहाड़ और खासकर नेपाल में हो रही बारिश का पानी नीचे आ रहा है. मानसून अभी सक्रिय है. राप्ती पौन मीटर डेंजर लेवल से नीचे है लेकिन तेजी से बढ़ रही है. इसके अलावा रोहिन नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी है. सभी नदियों का जलस्तर बढ़ेगा. सभी बाढ़ चौकियों का अलर्ट कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि अपर कैचमेंट एरिया के जिलों से लगातार अपडेट ले रहे हैं.
सभी जगहों पर राजस्व, पुलिस प्रशासन और एनडीआरएफ के साथ एनडीआरएफ की टीम को भी अलर्ट किया गया है. घाघरा धीरे बढ़ रही है. लेकिन राप्ती तेजी के साथ बढ़ रही है. कोई भी गांव प्रभावित नहीं हुआ है. लेकिन सभी को अलर्ट किया गया है. सभी तैयारियां पूरी हैं. 5 हजार से अधिक राशन किट इसके पहले भी उपलब्ध कराई जा चुकी है. अभी अनुमान के मुताबिक 8 से 9 तारीख तक बारिश का अनुमान जताया गया है.




