संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर हरपुर बुदहट इलाके के एक गांव में तीन युवकों को रविवार रात ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और उनकी पिटाई के बाद पुलिस को सुपुर्द कर दिया।पुलिस की जांच में पता चला कि तीनों अपने महिला मित्र से मिलने के लिए निकले थे और रास्ता भटक गए थे। जांच के बाद पुलिस ने तीनों को छोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार तीन युवक रविवार रात 10.30 बजे के करीब गांव में अपने महिला मित्र से मिलने के लिए निकले थे। महिला से मिलकर तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर वापस जिला संत कबीरनगर जा रहे थे कि रात होने की वजह से रास्ता भटक गए। गांव में करीब तीन चक्कर मारते देख ग्रामीणों को बच्चा चोर होने की आशंका हुई तो शोर मचाते हुए पल्सर सवार युवकों को ग्रामीणों ने घेर कर पकड़ लिया और पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तीनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और जांच में सच्चाई सामने आने के बाद छोड़ दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष नितिन रधुनाथ श्रीवास्तव ने कहा कि तीनों युवक एक गांव के चौराहे पर काम करते थे, किसी से मिलने आये थे। तीनो गोंडा जिले के रहने वाले है। वर्तमान में खलीलाबाद में रहते है। जांच पड़ताल के बाद छोड़ दिया गया।




