संदेश न्यूज़ 24 गाजियाबाद. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के करीब उत्तर प्रेदश के गाजियाबाद में टेंट हाउस के गोदाम के ऊपर बने कमरे में आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. इस आग की फैलती लपटों के बीच 10 लोगों ने छत से कूदकर अपनी जान बचाई. इस आग की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है.हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा.
जिला मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सुनील दत्त शहर के कल्पना नगर कॉलोनी में टेंट हाउस चलाते हैं और उन्होंने दो मंजिलों पर कमरे बनवाए थे, जिन्हें किराए पर दिया गया था. घटना में पंकज (30), पत्नी कविता (29) और उनकी चार महीने की बेटी कृतिका की आग की चपेट में आकर मौत हो गयी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार रात 2:00 बजे के आसपास घर के ग्राउंड फ्लोर पर रखे टेंट के सामान में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग विकराल होती गई और इसके धुएं ने ऊपर की दोनों मंजिल को जद में ले लिया. आग को देखकर घर के सामने रह रहे लोगों ने शोर मचाकर मकान के किरायेदारों को उठाया. पंकज और उसके परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे और उन्हें आग लगने का पता नहीं चल पाया.
इस बीच कुछ लोग छत के रास्ते दूसरे घरों से होते हुए बाहर निकल गए और फायर ब्रिगेड को आग की सूचना दी. दमकल की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. इसके बाद दमकल की चार गाड़ियों ने चार घंटे में आग पर काबू पाया.




