संदेश न्यूज़ 24 : गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड के बाहर से शनिवार को दो बच्चे गायब हो गए। बच्चे की उम्र छह साल है तो बच्ची की सात साल। उनकी मां का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। दोनों बचों को लेकर उनकी नानी प्राइवेट वार्ड के सामने रैन बसेरे में एक सप्ताह से रह रही थी। बच्चों के गायब होने की खबर के बाद पुलिस ने मेडिकल कॉलेज परिसर के अलावा आसपास के गांवों में तलाश शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर भी उनकी फोटो वायरल कर लोगों से मदद मांगी जा रही है।
यह है मामला
बिहार, पश्चिम चंपारण के रामनगर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी राजू गौड़ की पत्नी 35 वर्षीय प्रमिला देवी दो बच्चों की मां है। बेटा गोलू छह वर्ष व बेटी संगीता सात वर्ष की है। एक सप्ताह पहले बीआरडी मेडिकल कालेज में प्रमिला की आंत का आपरेशन हुआ है।वह वार्ड नंबर चार में भर्ती है।पिता जाफर व मां सदरुन परिसर में स्थित रैन बसेरा में रहकर उसके दोनों बच्चों की देखभाल कर रहे थे। परिसर में प्राइवेट वार्ड के बाहर खेल रहे गोलू व संगीता गायब हो गए। खोजबीन के बाद पता न चलने पर जाफर ने घटना की जानकारी डायल 112 पर दी।
सीसी कैमरा की मदद से पुलिस ने शुरू की तलाश
फोटो व सीसी कैमरा फुटेज की मदद से पुलिस दोनों बच्चों की तलाश कर रही है। जाफर ने पुलिस को बताया कि प्रमिला ने राजू से प्रेम विवाह किया था। कुछ दिन पहले वह दूसरी लड़की के साथ घर छोड़कर चला गया। उसने धमकी दिया था कि अपने बच्चों को ले जाएगा। संदेह है कि राजू ही बच्चों को ले गया है।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच चल रही है।




