संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर में एक नेता और जेल से छूटे बदमाश रेस्टोरेंट में खाना खाने गए और एक नवंबर की देर रात जमकर मारपीट की, जिसका वीडियो वायरल (Viral Video) हो गया. बताया जा रहा है कि खाना खाने के बाद बिल भुगतान को लेकर हुए विवाद के बाद दबंगों ने खूब उत्पात मचाया. इस दौरान रेस्टोरेंट संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की. इस दौरान उन्होंने बोतल फोड़कर मैनेजर को मारने की कोशिश भी की. पुलिस ने इस मामले में दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया.
बिल भुगतान को लेकर विवाद
गोरखपुर के रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र के नौका विहार रोड पर सर्किट हाउस के पास स्थित चूल्हा-चौका रेस्टोरेंट में 1 नवंबर की देर रात 12 बजे के बाद खाना खाने के बाद बिल भुगतान को लेकर विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि रेस्टोरेंट में आए दबंगों ने जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की. बताया जा रहा है कि एक नेता अपने साथ जेल से छूटे बदमाश और साथियों को लेकर खाना खाने पहुंचा था. रेस्टोरेंट संचालक की तहरीर पर रामगढ़ ताल थाना पुलिस ने चार नामजद समेत 19 लोगों के खिलाफ डकैती, मारपीट, बलवा और तोड़फोड़ करने का मुकदमा दर्ज कर लिया.

गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर बेतियाहाता मोहल्ले के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने बताया कि, एक नवंबर को रात 11 बजे के करीब रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र के रामनारायण टावर में बने उनके परिचित के चूल्हा-चौका रेस्टोरेंट में विनोद कुमार मिश्रा उर्फ शालू, प्रेम सागर गुप्ता, राज करण निषाद, प्रभात यादव जेपी सिंह उर्फ रिंकू सिंह, गुड्डू यादव दहला, दिलीप यादव, जिला पंचायत सदस्य मनोज मिश्रा और प्रमुख प्रतिनिधि चरगावां रणविजय सिंह मुन्ना पहुंचे. मनचाहा भोजन करने के बाद बिल भुगतान को लेकर रेस्टोरेंट के मैनेजर को गाली देने लगे. इसकी जानकारी मैनेजर ने होटल संचालक राहुल सिंह को दी जिसके बाद मौके पर वह भी पहुंचे और सभी लोगों से कहा कि आप भोजन कर चुके हैं. पूरे होटल में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. इसके बाद वे लोग बाहर निकले और अन्य साथियों को बुलाकर होटल में घुसते ही मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दिए.
पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप
पार्षद ने बताया कि एक नवंबर को ही थाने पर तहरीर दी गई. पुलिस ने दूसरे दिन मुकदमा दर्ज करने की बात कहकर वापस कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि 5 नवंबर को आरोपियों की ओर से तहरीर लेकर उनके लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर दी गई. उन्होंने रामगढ़ ताल पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि, मैनेजर को जान से मारने के लिए ग्लास तोड़कर पेट में घोंपने का प्रयास किया गया. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और रामगढ़ ताल पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच करने का आग्रह किया है.
इस संबंध में रामगढ़ ताल पुलिस ने आईपीसी की धारा 147, 323, 504, 506, 427, 455 के तहत दर्ज मारपीट के मामले में मुख्य आरोपी चिलुआताल थाना क्षेत्र के मानबेला टोला पतरकुंईया के रहने वाले विनोद कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. गोरखपुर के एसपी क्राइम इंदु प्रभा सिंह ने बताया कि, एक नवंबर को रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र के नौकायन के पास चूल्हा-चौका रेस्टोरेंट पर मारपीट का मामला सामने आया है. उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है. मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.




