उत्तरप्रदेश न्यूज़ डेस्क जिला प्रशासन 700 एकड़ जमीन अपने कब्जे में लेने में जुटा है. इसके लिए प्रशासन एक तरफ जहां पैमाइश करा रहा है, वहीं कोर्ट में मजबूत पैरवी भी कर रहा है. वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में शीघ्र ही 500 एकड़ जमीन प्रशासन के कब्जे में आ जाएगा.उम्मीद जताई जा रही है कि इसी जमीन पर रीजनल गोरखपुर फिल्म सिटी के निर्माण की प्रक्रिया परवान चढ़ेगी.
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जिला प्रशासन दो स्थानों पर तकरीबन 700 एकड़ से अधिक जमीन पर कब्जे की प्रक्रिया पूरी कर रहा है. वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में 10 दिन के भीतर तकरीबन 500 एकड़ जमीन प्रशासन के कब्जे में आ जाएगी. वहीं महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर-तीन में भी तकरीबन 300 एकड़ से अधिक जमीन के लिए कोर्ट में पैरवी की जा रही है. प्रशासन ने इधर पैरवी तेज कर दी है. प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि ताल नदोर मं़ करीब 500 एकड़ जमीन है. इसमें 20 एकड़ पर दूसरे लोगों ने कब्जा कर रखा है. कोर्ट में वाद भी दाखिल है. जिला प्रशासन द्वारा इस जमीन का चिह्नांकन कराया जा रहा है. जो जमीन खाली है, प्रशासन ने पहले उसपर कब्जा लेने का मन बना लिया है. इस जमीन में से वेटनरी कॉलेज एवं रीजनल गोरखपुर फिल्म सिटी के लिए टुकड़े उपलब्ध कराए जा सकते हैं. अन्य परियोजनाओं के लिए भी यहां जमीन मिलेगी. सदर तहसील की टीम पिछले कई दिनों से जमीन से जुड़े कागजातों की जांच एवं चिह्नांकन में जुटी है. कब्जा करने वालों में हड़कंप मचा है. इसी तरह महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर-तीन में सीलिंग की जमीन है. इसे लेकर हाईकोर्ट में वाद लंबित है. प्रशासन द्वारा इस मामले में लगातार पैरवी की जा रही है. जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश का कहना है कि ताल नदोर में जमीन के चिह्नांकन की प्रक्रिया अगले कुछ दिनों में पूरी कर ली जाएगी. सरकारी जमीन जहां भी है, प्रशासन उसे अपने कब्जे में लेगा.




