संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर: कई लड़कियों से मंगेतर की दोस्ती होने की जानकारी मिलने पर छात्रा ने रिश्ता तोड़ लिया। जम्मू में रहने वाला देवरिया जिले का आरोपित अब उसे ब्लैकमेल कर रहा है।इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक तस्वीर प्रसारित कर दिया। आइटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कर एम्स थाना पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

देवरिया जिले की रहने वाली युवती ने तहरीर में लिखा है पिछले तीन वर्षों से किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही है। कुछ महीने पहले उसकी शादी सलेमपुर, देवरिया के एक युवक से तय हुई थी, जो अपने परिवार के साथ जम्मू के अखनूर में रहता है।
दोनों के बीच बातचीत होती थी, लेकिन कुछ दिनों बाद पता चला कि युवक की छह अन्य लड़कियों से दोस्ती है। छानबीन में इसकी पुष्टि हुई तो उसने रिश्ता तोड़ लिया। शादी से इनकार करने पर आरोपित बदनाम करने की धमकी देने लगा।
छात्रा के मुताबिक, 18 सितंबर, 2025 को युवक ने इंस्टाग्राम पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट कर दी जिसे बाद में डिलीट कर दिया। बाद में रिश्तेदारों व परिचितों के पास यह फोटो भेजने लगा। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




