संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले में होली के पर्व के पहले चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को करीब सात क्विंटल संदिग्ध खोवा जब्त किया।

बेहद खराब गुणवत्ता वाले खोवे को कोल्ड स्टोरेज से निकालने के बाद 14 बोरो में भरकर बाजार में बेचने ले जा रहे थे।विभाग ने मिर्जापुर जिले से खोवा लाए जाने की सूचना मिलने पर नौसढ़ इलाके में तलाशी के दौरान एक बोलेरो से खोवा का बरामद किया। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि त्योहार से पहले मिलावटी खोवा की आवक बढ़ने की आशंका के मद्देनजर विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही थीं।
बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर जांच के बावजूद सप्लाई का स्पष्ट सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसके बाद निजी वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। सूचना के आधार पर नौसढ़ क्षेत्र में एक बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 14 बोरों में रखा खोवा मिला। प्रारंभिक जांच में गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई। आशंका जताई गई कि इसे कोल्ड स्टोरेज से निकालकर बाजार में बेचने के लिए लाया जा रहा था। वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है। उसके आने पर नमूना लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए खोवा नष्ट कराया जाएगा। चालक व वाहन को फिलहाल छोड़ दिया गया है। खोवा मंडी और पनीर के दुकान से लिए नमूने इसी क्रम में गोलघर खोवा मंडी तथा फातिमा अस्पताल के पास स्थित दुकान से खोवा के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग ने नागरिकों से मिलावटी खाद्य पदार्थ की सूचना देने की अपील की है।




