संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर बड़हलगंज थानाक्षेत्र स्थित नेतवार पट्टी के सामने रविवार को नाव पटलने से राप्ती नदी में डूब जाने वाले बलिराम सिंह और बृजेश के परिवारीजनों को प्रदेश सरकार की योजना के तहत 4-4 लाख रुपये की मदद जारी कर दी गई है।इनमें से बृजेश के देवरिया जिले का निवासी होने की वजह से प्रशासन ने वहां से रिपोर्ट भी मांग ली है।
देवरिया के गायघाट निवासी बृजेश यादव बचपन से ही बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के नेतवारपट्टी गांव में ननिहाल में रहता था। रविवार को वह नेतवार पट्टी निवासी बलिराम सिंह तथा 5 अन्य लोगों के साथ छोटी नाव से राप्ती पार कर पशुओं के लिए चारा काटने भदिला देवार जा रहा था। उफनाई राप्ती के बीच पहुंचने पर असंतुलित होकर नाव पलट गई और सवार सभी 7 लोग डूबने लगे। किसी तरह पांच ग्रामीण तैरकर निकल गए लेकिन 30 वर्षीय बलिराम और 24 वर्षीय बृजेश यादव नदी में डूब गए। काफी प्रयास के बाद दोनों का शव निकाला जा सका।
जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता के मुताबिक बलिराम सिंह और बृजेश के परिवारीजनों को शासन की योजना के तहत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद जारी कर दी गई है। बृजेश यादव देवरिया जिले का मूल निवासी है लिहाजा देवरिया जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांग ली गई है। शीघ्र ही दोनों परिवारों को आर्थिक मदद उपलब्ध करा दी जाएगी।
मुक्तिपथ पर हुआ अंतिम संस्कार
बड़हलगंज संवाद के मुताबिक राप्ती में नाव पलटने से डूबे गए बलिराम सिंह और बृजेश यादव का बड़हलगंज स्थित मुक्तिपथ पर सोमवार को अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मुक्तिपथ पर नेतवार पट्टी के लोग पहुंचे थे। लोग एक साथ दो-दो चिताएं जलते देखकर बिलख उठे।




