संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले में पत्नी से विवाद के चलते एक पति ने खौफनाक कदम उठाया है। युवक परेशान होकर खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह घटना बेलीपार थाना क्षेत्र के कनइल गांव की है।मृतक की पहचान केशव सिंह (30) पुत्र इंद्रदेव सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, केशव की डेढ़ वर्ष पहले बभनान निवासी साक्षी से शादी हुई थी। शादी के 15 दिन बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि किसी युवक की फोटो मोबाइल पर मिलने से झगड़ा बढ़ा और साक्षी अपने मायके चली गई। इसके बाद उसने पति केशव पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था।

घटना के बाद केशव रोज़गार के लिए सऊदी अरब चला गया था और करीब सात महीने पहले ही वापस लौटा था। परिवार के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से तनावग्रस्त था। शनिवार की रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में गया। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन पहुंचे तो केशव लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। उसने अवैध असलहे से कनपटी में गोली मार ली थी। उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
सूचना पाकर बेलीपार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद और मानसिक तनाव का प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक के परिवार में पिता, मां, एक भाई और एक बहन हैं। पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं।




