संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर शहर से खरीदारी कर लौट रहे नौतनवां के व्यापारी को तमंचा सटाकर बाइक सवार बदमाशों ने मानीराम क्रासिंग पर चार लाख रुपये लूट लिए। जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपित फरार हो गए।
चिलुआताल थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम छानबीन कर रही है।
यह है पूरा मामला
महराजगंज जिले के नौतनवां कस्बा स्थित वार्ड नंबर 24 निवासी आजाद कुमार वर्मा मोबाइल की दुकान चलाते हैं।गुरुवार को अपनी कार से खरीदारी करने शहर आए थे।शाम को घर लौट रहे थे।चिलुआताल थाना पुलिस को दी तहरीर में आजाद ने लिखा है कि घर लौटते समय मानीराम रेलवे क्रासिंग के पास बदमाशों ने कार को रोक लिया।तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी देते हुए शीशा तोड़ दिया।जेब में रखे चार लाख रुपये लेकर आरोपित फरार हो गए।एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि लेनदेन के विवाद में घटना होने की जानकारी मिली है।तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
गल्ला व्यापारी को लूटने में असफल हुए तो तोड़ा शीशा
कौड़ीराम से बकाया वसूल कर लौट रहे गल्ला व्यापारी को बाइक सवार बदमाशों ने गोबड़ौर चौराहे पर घेर लिया। तमंचा दिखाकर वाहन ओवरटेक करने के साथ ही रोकने का प्रयास किया। असफल होने पर शीशा तोड़कर फरार हो गए। झंगहा थाना पुलिस ने आरोपितों की खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला।
यह है मामला
नई बाजार निवासी गल्ला व्यापारी सुधांशु जायसवाल ने झंगहा थाना पुलिस को बताया कि कौड़ीराम से बकाया वसूलकर अपनी कार से घर लौट रहे थे। शाम सात बजे गोबड़ौर चौराहे के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने कार रोकने का प्रयास किया। तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। असफल होने पर शीशा तोड़कर फरार हो गए।उप निरीक्षक शिव कुमार यादव ने बताया कि व्यापारी ने सूचना दी है। आरोप की जांच चल रही है।




